जी-20 देशों के प्रतिनिधिमण्डल का पन्ना नेशनल पार्क भ्रमण आज

  • Feb 25, 2023
  • Gourishankar Kushwaha Panna

news_image

जी-20 देशों के प्रतिनिधिमण्डल का पन्ना नेशनल पार्क भ्रमण आज


वन्यजीव एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से होंगे रूबरू


पन्ना - जी 20 देश के संस्कृति कार्यसमूह के प्रतिनिधिमण्डल की तीन दिवसीय बैठक खजुराहो में 23 फरवरी से शुरू हो गई है। स्थानीय कला-संस्कृति से जी 20 समूह देशों सहित 9 मित्र देश के डेलीगेट्स को रूबरू कराने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन देश के अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है। प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण भी कराया जा रहा है। इस क्रम में खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह और अन्य स्थानों के भ्रमण के बाद इन देशों के प्रतिनिधि शनिवार को सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व के भ्रमण के लिए पहुंचेंगे। पार्क के अंदर पीपरटोला और धुंधवा सेहा स्थल का डेलीगेट्स को भ्रमण कराया जाएगा। टाइगर के अलावा पार्क में पाए जाने वाले अन्य पशु-पक्षियों के बारे में जानकारी के लिए पर्यटन विभाग के सहयोग से गाइड्स को प्रशिक्षित किया गया है। इस मौके पर डेलीगेट्स को आॅवला उत्पाद भी भेंट किए जाएंगे। साथ ही प्रतीक चिन्ह भी उपहार स्वरूप दिया जाएगा।
कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र के निर्देशन में नेशनल पार्क भ्रमण के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। केन नदी के पुल पर प्रवेश करने के साथ ही जिले की पहचान को प्रदर्शित करने वाले फ्लैक्स-बोर्ड लगाए गए हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों द्वारा प्रतिनिधियों को वन्य जीवों तथा प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में अवगत कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। भ्रमण के लिए पहुंचने पर डेलीगेट्स का स्वागत किया जाएगा। बुन्देली गीत व दिवारी नृत्य का कार्यक्रम भी होगा। समूह व मित्र देशों के प्रतिनिधि सहित लगभग 40 सदस्यों का दल खजुराहो से सुबह 5 बजे पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए प्रस्थान कर मड़ला पहुंचेंगे। 6.15 बजे से 8.15 बजे तक पार्क भ्रमण करने के बाद प्रतिनिधिमंडल बे्रकफास्ट के बाद वापस खजुराहो रवाना होंगे और खजुराहो में दोपहर 12 बजे से लंच उपरांत 2.45 बजे खजुराहो एयरपोर्ट से चार्टर्ड फ्लाइट से गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।
इन देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
जी-20 समूह देश में भारत सहित यूके, अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये और अमेरिका हैं। इसके अलावा यूरोपीय यूनियन भी शामिल है। मित्र देशों में बांग्लादेश, मिश्र, माॅरीशस, नीदरलैण्ड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और यूएई देश हैं। उल्लेखनीय है कि 1 दिसम्बर 2022 से 30 नवम्बर 2023 तक भारत को जी-20 की बैठकों की अध्यक्षता मिली है। इस अवधि में अलग-अलग स्थानों पर बैठक और भ्रमण का कार्यक्रम है। सितम्बर माह में नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। गत वर्ष जी-20 की अध्यक्षता इंडोनेशिया को मिली थी। भारत के बाद इसका आयोजन ब्राजील में होगा।

news_image
news_image
news_image

COMMENTS