हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का 75 वां बरसी भंडारा

  • Apr 02, 2023
  • Pushpanjali Today

news_image

भिण्ड । सावन कृपाल रूहानी मिशन की भिण्ड शाखा द्वारा 2 अप्रैल को हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के 75 वें बरसी भंडारे का कार्यक्रम राजिंदर आश्रम भिण्ड न्यू फलमंडी भिण्ड  में आयोजित किया गया इस अवसर पर शांति सद्भावना  यात्रा प्रातः काल 8 बजे से राजिंदर आश्रम भिण्ड से प्रारम्भ होकर सिटी कोतवाली, परेड चौराहा, सदर बाजार गाँधी मार्केट, हनुमान बजरिया, किला रोड, लहार चौराहा होते हुए सर्किट हाउस के पास न्यू फल मंडी राजिंदर आश्रम भिण्ड पर समापन हुआ जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए । अंत में सभी सतसंगीयों को गुरु प्रसाद बांटा गया l 

इस अवसर पर सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज का विडियो सत्संग प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि, हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज किसी एक जाति, कौम, वर्ग व देश के लिए नहीं बल्कि वे तो समस्त मानव-जाति के कल्याण हेतु आए थे। उन्होंने अपने नाम ‘सावन’ को सार्थक करते हुए प्रभु-प्रेम की दयामेहर की बरखा हम सभी लोगों पर की। वे मानव चोले में स्वयं प्रभु से एकमेक थे और प्रभु भी स्वयं उनमें बसे हुए थे, जिसके ज़रिये उन्होंने लाखों लोगों को पिता-परमेश्वर से एकमेक कर दिया।“

हजूर को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अनेक श्रद्धालुओं ने उनकी याद में भाव-भक्ति से परिपूर्ण भजनों का गायन किया। इस अवसर पर हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के जीवन की महत्त्वपूर्ण झलकियां भी एक फिल्म के रूप में दिखाई गईं, जिसमें उनके द्वारा प्रभु-प्रेम की बरखा व दयामेहर को प्रदर्शित किया गया था। 

हजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का जन्म 27 जुलाई 1858 को ग्राम महिमा सिंह वाला, जिला लुधियाना, पंजाब में हुआ। वे अपने सत्संगों के ज़रिये समझाया करते थे कि पिता-परमेश्वर की संतान होने के नाते हम सब आपस में बहन-भाई हैं और हममें से हरेक उन्हें पा सकता है जोकि हमारे इस मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने मानव-जाति के कल्याण हेतु आध्यात्मिक जागृति की भविष्यवाणी की थी कि पश्चिम के देशों में रूहानियत बड़ी तेजी से फैलेगी। उनके पश्चात परम संत कृपाल सिंह जी महाराज और संत दर्शन सिंह जी महाराज ने विश्वभर में अनेक यात्राएं करके रूहानियत की इस तालीम को जन-जन तक पहुँचाया और आज भी वो रूहानी कार्य सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज द्वारा हम सबका मार्गदर्शन कर रहा है। 

सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पाँच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है। 

सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में 3200 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।

COMMENTS

ARTICLES BY AUTHOR

Nil Kumar

Columnist

आशी प्रतिभा दुबे

स्वतंत्र लेखिका

राजीव डोगरा

भाषा अध्यापक

कमल राठौर साहिल शिवपुर मध्य प्रदेश

लेखक

आशी प्रतिभा दुबे

स्वतंत्र लेखिका,स्वरचित मौलिक