कांग्रेस का जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

  • Jun 11, 2023
  • Pushpanjali Today

news_image

भिण्ड । मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा है,कि कोई कमजोर व्यक्ति चुनाव लड़ने का मन न मनाए। अब भलमनसाहत का जमाना नहीं है। साम- दाम- दंड- भेद से चुनाव लड़ने की जरुरत है। यदि कोई लाठी लेकर आए तो लड़ने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने यह बात संस्कृति गार्डन में जिलास्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर अतिथि कही। डॉ सिंह ने भाजपा सरकार पर भ्र्ष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले भ्रष्टाचार करने वालों को सबक सिखाया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय शिव भाटिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

डॉ.गोविंद सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का कहना है,कि हम जो वचन देंगे उसे पूरा करेंगे। जनता पूरी तरह से मन बना चुकी है। कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है। लेकिन हमें अतिविश्वास में नहीं रहना है।

जनता हमें सरकार सौंपना चाहती है। लेकिन हमें भी जनता के लिए कुछ करना होगा। इसके उपरांत राष्ट्रीय सचिव श्री भाटिया ने कहा कि प्रदेश की जनता हमें वोट देना चाहती है। हमें मतदाताओं के सामने इतने प्यार से झोली फैलाना होगी कि वह खुद के वोट के साथ अपने परिवार एवं परिचित लोगों के भी वोट झोली में डाले और डलवाए।

श्री भाटिया ने अपने वक्तव्य के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा,साथ ही कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले कांग्रेस के लोग नहीं थे,बल्कि वे महल के लोग थे। उन्होंने कहा कि आज समय आ गया है,कि जयचंदों को सबक सिखाना है। कार्यक्रम में गोहद विधायक मेवाराम जाटव,पूर्व मंत्री चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाह,खिजर मोहम्मद कुरैशी,शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा,पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया, सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

COMMENTS