विशेष अभियान हुआ सफल मतदाता सूची में महिलाओं का अनुपात हुआ 904

  • Sep 03, 2023
  • Pushpanjali Today

news_image

रीवा। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। मतदाता सूची के प्रारूप का दो अगस्त को प्रकाशन करके इसमें नाम जोड़ने और पृथक करने के आवेदन लगातार प्राप्त किए जा रहे हैं। जिले में एक सितंबर तक 115493 आवेदन पत्र प्राप्त किए गए हैं। छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जिले भर में 23 से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छूटी हुई महिलाओं के नाम शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए गए। अभियान के दौरान एक सितंतबर तक शामिल महिला मतदाताओं के नाम के आधार पर मतदाता सूची में लिंगानुपात 886 से बढ़कर 904 हो गया है। विशेष अभियान के माध्यम से महिला मतदाताओं के नाम शामिल कराने को अच्छी सफलता मिली है। जिले भर में लगातार जारी मतदाता जागरूकता अभियान ने भी इस सफलता में योगदान दिया है।  

इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि एक सितंबर तक जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 93 हजार है। इनमें 9 लाख 41 हजार 927 पुरूष तथा 8 लाख 51 हजार 58 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के 15 मतदाता सूची में शामिल हैं। इसके आधार पर मतदाता सूची में प्रति हजार पुरूष मतदाताओं पर महिलाओं का अनुपात 904 हो गया है। अभियान के पहले यह अनुपात 886 था। जिले में एक सितंबर को मतदाता सूची में प्रति हजार पुरूषों में महिलाओं का अनुपात विधानसभा क्षेत्र सिरमौर में 883, सेमरिया में 904, त्योंथर में 883, मऊगंज में 909, देवतालाब में 900, मनगवां में 897, रीवा में 943 तथा विधानसभा क्षेत्र गुढ़ में 910 है।

COMMENTS