राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में दी जानकारी

  • Nov 09, 2022
  • Gourishankar Kushwaha Panna

news_image

राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में दी जानकारी                                                                                                                       

 पुष्पांजलि टुडे से जिला ब्यूरो चीफ हरचरण प्रजापति

पन्ना: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 की गतिविधियां प्रारंभ हो गई हैं, जिसके तहत आज एकीकृत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया। 9 नवम्बर से 8 दिसम्बर 2022 तक मतदाता सूची में आसानी से नाम जुड़वाए जा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 5 जनवरी 2023 को होगा।

इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता में राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों से अवगत कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त कर आवश्यक सहयोग के संबंध में चर्चा हुई। बताया गया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर आगामी 8 दिसम्बर तक कार्य दिवसों में बीएलओ उपस्थित रहेंगे। प्रारूप प्रकाशन के बाद अब 8 दिसम्बर तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। 12 एवं 13 नवम्बर तथा 5 एवं 6 दिसम्बर को विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। 26 दिसम्बर तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल एजंेट के माध्यम से सूची के अवलोकन सहित कार्य के सत्यापन व मतदाता सूची में नाम जोड़ने, निरसन एवं त्रुटि सुधार इत्यादि कार्र्याें में आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की गई। इसके अतिरिक्त बूथ लेवल कमेटी को सक्रिय करने व बीएलए की सूची सौंपने के लिए कहा गया।

1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

 जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्र ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के पहले मतदाता सूची में पारदर्शिता के साथ नाम जोड़े जाएंगे। मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार करने के उद्देश्य से आवश्यक कार्यवाही संपादित की जाएगी। इसी तरह मतदाता सूची से नाम विलोपन की स्थिति में सुनवाई का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 17 साल के युवा भी आगामी 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। नये मतदाता फार्म 6 में वांछित जानकारी भर कर प्रस्तुत कर सकते हैं। इसी तरह आधार की जानकारी के लिए फार्म 6बी, नाम हटाने के लिए फार्म 7 और मतदाता सूची में संशोधन अथवा वोटर कार्ड में बदलाव के लिए फार्म 8 का प्रयोग कर सकते हैं। अधिक जानकारी अथवा किसी भी प्रकार के सहायता के लिए टोल फ्री नम्बर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल के प्रतिनिधि अपने स्तर पर गतिविधियों की मॉनीटरिंग करें। साथ ही मतदाता सूची में जनसंख्या के अनुपात अनुसार महिलाओं का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित करवाएं। यह भी देखा जाए कि जनसंख्या के अनुसार मतदाता सूची में कुल आदर्श अनुपात लगभग 60 प्रतिशत हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब 80 वर्ष एवं अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। जिले में 1 हजार 35 वरिष्ठ मतदाता हैं।  

7 लाख 35 हजार से अधिक मतदाता

बैठक में अवगत कराया गया कि वर्तमान में जिले की 3 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 896 मतदान केन्द्र निर्धारित हैं, जबकि मतदाताओं की कुल संख्या 7 लाख 35 हजार 767 है। बैठक में श्वेत-श्याम फोटो वाले एपिक कार्ड को नवीन कलर फोटो वाले एपिक कार्ड में परिवर्तन की कार्यवाही, आधार फीडिंग और मतदान केन्द्र भवन परिवर्तन के बारे में भी अवगत कराया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. धुर्वे भी उपस्थित थे।

COMMENTS