इन्वेस्ट तब आएगा जब लोगों का प्रदेश पर विश्वास होगा
मुरैना। जिले की अंबाह तहसील में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार एवं मुखिया शिवराज पर जमकर हमला बोला और कहा कि सौदागर मुख्यमंत्री ने प्रदेश का भविष्य चौपट करके रख दिया है, उनकी नियत में खोट है और प्रदेश आज बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार, आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में पूरे देश में नंबर वन है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संविधान बदलने की दिशा में की जा रही कार्रवाई पर कहा कि देश एवं प्रदेश की जनता संविधान की रक्षा करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के 18 वर्ष से भी अधिक कार्यकाल में हर वर्ग परेशान हैं, चाहे वह भटकता बेरोजगार किसान हो, छोटा व्यापारी हो, वहीं जिले के अंबाह में देखने पर दु:ख होता है कि यहां लोग केवल खेती, फौज और मजदूरी पर ही निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव एक पार्टी, एक प्रत्याशी का नहीं है, यह प्रदेश के भविष्य का चुनाव है और जनता को तय करना है कि किस पटरी और किस दिशा में प्रदेश को ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार के कार्यकाल में मध्य प्रदेश बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार, आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में देश में नंबर वन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं, जबकि हर 10-11 महीने बाद शिवराज सिंह एक लाख लोगों को रोजगार देने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में रिक्त पड़े पदों को ही भर दो, रोजगार की तो बात छोड़ो, नौकरी एवं भर्ती के लिए स्थिति यह है कि रुपए दो और भरती ले लो। मध्य प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार से हो रही है, इसलिए यहां निवेश के लिए भी उद्योगपति नहीं आना चाहते।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, केरल में जो व्यापारी उद्योगपति सामान बेचता है, वह हरियाणा, पंजाब में उद्योग लग रहे हैं। हर कदम पर प्रदेश में भ्रष्टाचार मचा है। हमने 11 महीने के कार्यकाल में अपनी नियत का परिचय दिया और जनता के हित के बारे में सोचा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यहां निवेश तभी आएगा, जब लोगों को प्रदेश पर विश्वास होगा। इन्वेस्ट को आप डिमांड नहीं कर सकते, इसको अट्रैक्ट करना पड़ता है और वह जब होता है, तब लोगों को विश्वास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को पूरी तरह चौपट कर दिया है। मुरैना जिले में औद्योगिककरण क्यों नहीं होता, निजी जमीन में रेत के कारोबार क्यों नहीं होते, इसके लिए नीति क्यों नहीं बनती, कानूनी रूप से कार्य करें, ताकि आर्थिक गतिविधि बड़े और लोगों को कामकाज का मौका मिले।
बॉक्स:
जनदर्शन यात्रा नहीं, सौदा यात्रा है शिवराज की
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश में जो जनदर्शन यात्रा निकाली जा रही है यह सौदा यात्रा है, सौदे से बनी सरकार की यात्रा है, उनकी नजर, दृष्टिकोण, नजरिया, दिल, हृदय, दिमाग में सौदा ही है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के कार्यकाल में मध्य प्रदेश घोटाले का प्रदेश बन गया है। 18 वर्ष से घोटाले की लिस्ट जो बनी थी, वह दो माह में और भी लंबी हो गई है, जो जनता के सामने हैं। उन्होंने सरकार गिराने वालों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिकाऊ लोगों ने सौदा तो कर लिया सरकार बनाने का, लेकिन जनता से सौदा नहीं कर पाए। मुझे मध्य प्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास है इस बार वह सौदागर को सबक सिखाएगी।