पन्ना: मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्रों को एक्सपोजर देने की नेक मंशा के साथ आज नगर में नई पहल हुई। एमपीटीबी के नवाचार को काफी सराहा गया। मुख्यमंत्री की मंशानुसार पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला के निर्देशन में टेंपल वाक का प्रारंभ रविवार को पन्ना के महेन्द्र भवन से की गई। पन्ना शहर की पहचान मंदिरों की नगरी के रूप में जानी जाती है। पन्ना शहर में स्थित मंदिरों की प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली हुई है। देश भर से श्रद्धालु मंदिरों को देखने एवं भगवान के दर्शन पाने के लिए पहुंचते हैं। पन्ना शहर के मंदिरों की स्थापत्य कला व खूबसूरती देखने लायक है। पन्ना के प्रसिद्ध मंदिरों से छात्रों तथा आमजनों को रूबरू कराने के उद्देश्य से पहले कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृतिक परिषद द्वारा पन्ना टेंपल वॉक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके तहत रविवार से टेंपल वॉक कार्यक्रम की शुरूआत की गई। प्रथम चरण में प्राणनाथ टेंपल वाक के माध्यम से प्राणनाथ मंदिर का इतिहास, महत्व व कई अन्य जानकारियां स्कूली बच्चों को दी गई। कार्यक्रम की शुरूआत महेन्द्र भवन पुरानी कलेक्ट्रेट से की गई।
कार्यक्रम के शुरुआत में नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडेय ने पन्ना के इतिहास के बारे में जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग के इस कार्यक्रम की सराहना की। इसके उपरांत पर्यटन बोर्ड से सहायक संचालक धीरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि पर्यटन विभाग का उद्देश्य मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना है। पर्यटन बोर्ड से के.के. सिंह ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। टेंपल वॉक की गतिविधि में कक्षा 10 से 12वीं तक के कुल 24 छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जे.पी. धुर्वे, पर्यटन बोर्ड के सुमित नरवरिया, सत्येन्द्र गौतम, रामनजर पटेल, अमित शुक्ला सहित वॉक लीडर आदित्य सिंह उपस्थित रहे।