Karni Sena Andolan: अनशन पर बैठे करणी सेना के मप्र प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर सहित पांच पदाधिकारी, हनुमान चलीसा का कर रहे हैं।
भोपाल । राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, करणी सेना परिवार एवं सर्वसमाज ने 21 सूत्रीय मांगों को लेकर रविवार को सुबह से भोपाल के जंबूरी मैदान में जनआंदोलन शुरू कर दिया। इसमें तीन लाख से अधिक लोग जुटे। करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने चेतावनी दी कि सरकार जातिगत आरक्षण समाप्त करे वर्ना हम चुनावी राजनीति में उतरेंगे। हम व्यवस्था सुधार के लिए आंदोलन कर रहे हैं। सवर्ण और पिछड़ा वर्ग हमारे साथ हैं। हम मिलकर तख्ता पलट देंगे। अपनी मांगों के साथ जीवन सिंह शेरपुर सहित करणी सेना के पांच पदाधिकारी अनशन पर बैठ गए हैं, आंदोलन स्थल पर हनुमान चलीसा का पाठ किया जा रहा है। इसके पूर्व करणी सेना ने शाम चार बजे तक मांगें नहीं माने जाने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी दी थी, जिसे दोपहर 3.30 बजे प्रशासन से चर्चा के बाद स्थगित कर दिया। करणी सेना और सर्वसमाज संगठन आर्थिक आधार पर आरक्षण, जातिगत आरक्षण की पुन: समीक्षा और ऐट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर यह जनआंदोलन कर रहे हैं।
करणी सेना को जंबूरी मैदान पर एक दिन के प्रदर्शन की अनुमति मिली थी, लेकिन मैदान में पहुंचे ज्यादातर लोग दो से चार दिन का राशन साथ लेकर पहुंचे। उनके पास रसोई गैस सिलेंडर व लकड़ी भी थी, जिसका उपयोग उन्होंने रात में अलाव जलाने में भी किया। जीवन सिंह ने बताया कि हमने अनशन शुरू किया है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि एक दिन के प्रदर्शन की अनुमति थी, जिसे नहीं बढ़ाया गया है। प्रदर्शनकारियों से बात चल रही है। यदि वे नहीं लौटते हैं तो दूसरी रणनीति पर विचार किया जाएगा