अशोकनगर बैधाई (अशोकनगर)। ग्राम बैधाई में सामाजिक जागरूकता और सादगी की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं गीता स्वाध्याय समिति जिला अध्यक्ष अशोकनगर जयमंडल सिंह रिजौदा तथा ग्राम अमरोद पंचायत के सरपंच राव नरेंद्र सिंह की अपील पर स्वर्गीय केशवराजा जी के परिवार ने तेरहवीं कार्यक्रम में अनावश्यक खर्च नहीं करने का निर्णय लिया।
यह निर्णय ग्राम अमरोद के राव देवेंद्र सिंह, ग्राम कुकरेठा के पटेल रामकुमार जी एवं रामचरण जी, ग्राम बैधाई के राजकुमार सहित समस्त ग्रामवासियों, रिश्तेदारों एवं संबंधियों की उपस्थिति में लिया गया। उपस्थित समाजजनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
वक्ताओं ने कहा कि मृत्यु भोज एवं तेरहवीं पर होने वाले अत्यधिक खर्च से कई परिवार आर्थिक बोझ का सामना करते हैं। ऐसे में सादगीपूर्ण संस्कार अपनाकर समाज को नई दिशा देने का यह प्रयास अनुकरणीय है। ग्रामवासियों ने परिवार के इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया













