भा.रा.पत्रकार महासंघ के 27वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय सम्मेलन, संवाददाता डायरी का विमोचन
भोपाल रीवा। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को हिन्दी भवन में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के मध्यप्रदेश इकाई के प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाए रखने में मीडिया की महती भूमिका है। भारत के लोकतंत्र को चलाने में पत्रकारिता चौथा स्तम्भ है। कहने को तीन स्तम्भ दिखते हैं – न्यायपालिका, कार्यपालिका, विधायिका, लेकिन चौथा स्तम्भ पत्रकारिता धरातल पर मजबूती के साथ लोकतंत्र की नींव को साधे हुए है। पत्रकारिता में पक्ष-विपक्ष नहीं, केवल निष्पक्षता होती है।
मंत्री सारंग ने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे सजगता के साथ गरीबों की आवाजों को सरकार तक पहुंचाएं। शासन-प्रशासन ही नहीं, समाज को भी पत्रकारों से बड़ी अपेक्षाएं हैं।
कार्यक्रम में महासंघ द्वारा प्रकाशित “संवाददाता डायरी” का विमोचन भी किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। पत्रकारों ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
दस सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
सम्मेलन में महासंघ द्वारा दस सूत्रीय मांगपत्र मंत्री सारंग को सौंपा गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से चर्चा कर मांगों को पूरा कराने का प्रयास करेंगे। मांगों में पत्रकारों को संवैधानिक दर्जा प्रदान करना, राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून बनाना, अधिमान्यता में एकरूपता लाना, प्रदेश के सभी जिलों में पत्रकार भवन एवं कॉलोनी बनाना, छोटे-मझौले समाचार पत्रों को हर माह विज्ञापन देना, सत्तर वर्ष पूर्ण कर चुके पत्रकारों को सम्मान निधि देना, रेल यात्रा में छूट पुनः बहाल करना और टोल बैरियरों से निःशुल्क निकासी शामिल हैं।
सम्मेलन को राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुधीर सिंह राठौर, राष्ट्रीय महासचिव योगेन्द्र कुमार मिश्रा विश्वबंधु सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन प्रांतीय सचिव डॉ. मनोज पाठक ने किया।
कार्यक्रम में सैकड़ों संपादक, लेखक, कवि व पत्रकार उपस्थित रहे। वरिष्ठ कवि उमाशंकर मनमौजी की कविता ने सभी को मंत्रमुग्ध किया।
प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि आगामी 23 अगस्त 2026 रविवार को मध्य प्रदेश के सतना जिले में अगला सम्मेलन राष्ट्रीय संगठन सचिव चुन्नू कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित होगा।













