मुरैना। जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में चुंगी नाका के नाम पर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर लोडिंग वाहनों से कथित अवैध वसूली का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। आरोप है कि सबलगढ़, कैलारस और जौरा क्षेत्र में हाईवे से गुजरने वाले छोटे और बड़े लोडिंग वाहनों से 100 से 200 रुपये तक की वसूली की जा रही है, जबकि नगर निकाय की आधिकारिक रसीदों में इससे कम शुल्क दर्ज रहता है।
बताया जा रहा है कि जौरा में बस स्टैंड, सब्जी मंडी और कृषि उपज मंडी के आसपास तथा कैलारस में नरवर पुलिया के पास वाहनों को रोककर कथित रूप से वसूली की जाती है। कई वाहन चालकों का आरोप है कि नगर निकाय के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली जाती है।
इसी बीच दो दिन पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने कथित अवैध वसूली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। आरोप है कि इसके बाद चुंगी पर मौजूद कुछ लोगों ने इन्फ्लुएंसर सपन जादौन के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। इसी कारण लोगों के बीच यह धारणा बन रही है कि कथित अवैध वसूली करने वालों को किसी न किसी स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि हाईवे पर होने वाली कथित अवैध वसूली पर रोक लगाई जा सके।
मुरैना ब्यूरो प्रमुख आकाश प्रजापति













