ई - पेपर डाउनलोड करें
Advertisement

मुरैना के एडवोकेट नीरज गुर्जर ने बढ़ाया देश का मान जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में की सहभागिता

मुरैना जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीपरखेड़ा के युवा अधिवक्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन किया है। ग्राम पीपरखेड़ा निवासी श्री जवान सिंह गुर्जर के सुपुत्र एडवोकेट नीरज गुर्जर ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता कर चंबल अंचल को गौरवान्वित किया है।
​नीरज गुर्जर के मित्र दिलीप बघेल ने बताया कि नीरज वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम (UK) की प्रतिष्ठित न्यूकैसल यूनिवर्सिटी (Newcastle University) से एल.एल.एम. (LLM) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित ‘संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय विधि एवं नीति गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम’ (United Nations International Law and Policy Immersive Programme – UNITAR) में भाग लिया और सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
​दिलीप बघेल ने बताया कि इस वैश्विक कार्यक्रम में विश्वभर से मात्र 12 प्रतिभागी शामिल हुए थे, जिनमें भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एडवोकेट नीरज गुर्जर एकमात्र भारतीय थे।
​13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ नीति-निर्माताओं एवं अंतरराष्ट्रीय विधि विशेषज्ञों के साथ वैश्विक नीतियों तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के विभिन्न आयामों पर गहन चर्चा एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्हें सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
​ग्रामीण परिवेश से निकलकर पहले यूके में उच्च शिक्षा प्राप्त कर, तत्पश्चात संयुक्त राष्ट्र जैसे विश्व के सर्वोच्च मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने पर मुरैना जिले में हर्ष व्याप्त है। नीरज की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने बधाई प्रेषित की है।
​स्थानीय लोगों का मानना है कि नीरज की यह सफलता चंबल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम से विश्व के किसी भी शीर्ष स्थान तक पहुंचा जा सकता है।

Pushpanjali Today