भितरवार | नगर के घाटमपुर स्थित मुक्तिधाम के सौंदर्यकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने यहां वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत 50 पौधे लगाए गए।
इस मौके पर अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम को स्वच्छ, हरित और शांत वातावरण देने के उद्देश्य से इसका सौंदर्यकरण किया जाएगा। यहां छायादार और पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में यह स्थल हरियाली से आच्छादित नजर आएगा।
उन्होंने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है, नगर में व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चलाया जाएगा। योजना के तहत भितरवार नगर में एक हजार वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में पार्षदगण, नगर परिषद के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की देखरेख और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
अंत में संदेश दिया गया कि “हर व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए”, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकेगा।
दीपक सेन/ दैनिक पुष्पांजली टुडे














